Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अगस्त। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ तहसील हाथरस में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। उन्होंने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि विवाद अथवा अन्य विवादित मामलों में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है। किसी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही, समय से संज्ञान न लेने अथवा एक ही समस्या के बार-बार सामने आने की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के विद्यालयों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी विद्यालय जर्जर भवन में संचालित न हो। वर्षा के दौरान विद्यालयों तक पहुंचने वाले मार्गों पर जलभराव, हाईटेंशन लाइन अथवा अन्य सुरक्षा संबंधी समस्या मिलने पर तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान फोटोग्राफ सहित निर्धारित गूगल फॉर्म एवं भौतिक निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील, थाना एवं संपूर्ण समाधान दिवसों में अधिकारी पूरी गंभीरता से उपस्थित रहें और फरियादियों की समस्याओं का समाधान कराएं। तहसील परिसरों में साफ-सफाई, आवागमन के रास्ते को खाली रखने तथा आवश्यकता के अनुसार पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व अधिकारियों को लंबित राजस्व एवं कब्जा परिवर्तन से जुड़े मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने तथा थाना समाधान दिवस के माध्यम से पुलिस एवं राजस्व विभाग के समन्वय से विवादित मामलों का निस्तारण करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उपलब्ध तकनीक एवं संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कार्यों की पूर्व योजना बनाकर निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समाधान दिवस केवल औपचारिकता न बने, बल्कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जनसमस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयास करें।

हाथरस तहसील समाधान दिवस में कुल 46 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार सिकंदराराऊ तहसील में प्राप्त 44 शिकायतों में से 4, सादाबाद तहसील में 70 में से 4 तथा सासनी तहसील में प्राप्त 24 शिकायतों में से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page