हाथरस 17 अगस्त। 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाले निर्माण कार्यों एवं एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सभी अवशेष निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं के अवशेष कार्यों की प्रगति रिपोर्ट फोटोग्राफ्स सहित उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित मानकों और तकनीकी प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्माणाधीन परियोजनाओं के परिसर में मानक के अनुरूप मिट्टी भरवाने तथा भूमि को समतल कराने को कहा। जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनमें फायर सेफ्टी से संबंधित कार्यों को भी गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों की तकनीकी एवं गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन ट्रांजिट हॉस्टल की गुणवत्ता की जांच कराकर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाएं शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों, गुणवत्ता एवं तकनीकी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Next News :-पुलिस आरक्षी भर्ती: अभिलेखों की संवीक्षा और शारीरिक परीक्षण शुरू, एसपी ने जांचीं व्यवस्थाएं
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





