
सादाबाद 16 अगस्त। जलेसर रोड पर बाइक अचानक सड़क पर आए सांड से टकरा गई। यह हादसा रावल दास कोल्ड स्टोर के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक राघव की छाती में सांड का सींग घुस गया। घायलों की पहचान थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव करैया निवासी 19 वर्षीय राघव पुत्र महेश और उनके 17 वर्षीय चचेरे भाई कपिल पुत्र अनिल कुमार के रूप में हुई है। वे अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बाइक से सादाबाद से अपने गांव जा रहे थे। पीछे से आ रहे परिवार के अन्य सदस्यों ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, सभी लोग जलेसर मार्ग से होकर गांव की ओर जा रहे थे। भगत सिंह रावल दास कोल्ड स्टोर के पास अचानक एक सांड सड़क पर आ गया। बाइक सवार कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक सांड से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में राघव की छाती में सांड का सींग घुसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कपिल को भी काफी चोटें आईं। सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर हायर सेंटर रवाना हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सादाबाद-जलेसर मार्ग पर आवारा पशु अक्सर सड़क पर घूमते रहते हैं, जिससे वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़वाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।









