
हाथरस 16 अगस्त। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अंजुला माहौर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के घोष दल के छात्रों ने मनमोहक वादन प्रस्तुत किया तथा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि राष्ट्रगीत को 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष रूप से कार्यक्रम में गाया गया। घोष वादन की तैयारी एवं मार्गदर्शन में संजीव अग्निहोत्री का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम दास राठी, मुख्य वक्ता जिला प्रचारक हाथरस जितेन्द्र, प्रबंधक मनोज अग्निहोत्री, प्रधानाचार्य लोकेंद्र शर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह, नगर चारक सौरव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने ‘योद्धा बन गई’, ‘ऑपरेशन सिंदूर’, ‘राधा-कृष्ण मिक्सअप सॉन्ग’, ‘आजादी की नाटिका’ और संस्कृत भाषण सहित देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा। मुख्य वक्ता श्री जितेन्द्र ने स्वतंत्रता के महत्व, नागरिकों के कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के संचालन में राजेश शर्मा एवं दीपक शर्मा की भूमिका रही, जबकि प्रस्तुतियों की तैयारियों में बीता सिंह, तनु शर्मा सहित अन्य आचार्यों एवं बहनों का योगदान रहा। कार्यक्रम की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी निखिल वर्मा ने की तथा प्रसाद वितरण की व्यवस्था श्री देवकीनन्दन एवं उनकी टीम ने संभाली। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक श्री मनोज अग्निहोत्री ने अतिथियों, अभिभावकों, आचार्यों, बहनों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय अध्यक्ष पुरुषोत्तम दास राठी एवं सरस्वती शिशु मंदिर के प्रबंधक पुनीत अग्रवाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में कार्य करने तथा भारतीय संस्कृति और संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। समारोह का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी सतेन्द्र प्रताप सिंह ने दी।









