
हाथरस 16 अगस्त। ग्राम पंचायत रुहेरी के गांव नगला उम्मेद में वर्षों से जर्जर और गड्ढायुक्त मार्ग का पुनर्निर्माण न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। सड़क की समस्या को लेकर गांव के युवाओं ने अनोखा विरोध दर्ज कराते हुए 51 लीटर जल की कलश कांवड़ उठाकर सड़क निर्माण की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने विकास पुरुष स्वर्गीय श्री रामवीर उपाध्याय को याद करते हुए कहा कि यदि आज उपाध्याय जी उनके बीच होते तो सड़क का निर्माण कार्य कब का हो चुका होता। युवाओं ने बताया कि उक्त मार्ग का निर्माण करीब 15-20 वर्ष पूर्व स्वर्गीय श्री रामवीर उपाध्याय द्वारा कराया गया था, लेकिन वर्तमान में सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और युवाओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय एवं जिलाधिकारी हाथरस श्री अतुल वत्स से सड़क का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की है।
सड़क निर्माण की मांग को लेकर छोटू चौधरी ने अपने युवा साथियों के साथ राजघाट से 51 लीटर जल की कलश कांवड़ उठाई। युवाओं द्वारा राजघाट से रुहेरी स्थित प्राचीन भोले मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली गई। इसके बाद गांव बामोली स्थित स्वर्गीय श्री रामवीर उपाध्याय की समाधि पर जलाभिषेक किया गया। युवाओं का कहना है कि जनपद हाथरस में सड़क निर्माण की मांग को लेकर इस तरह 51 लीटर जल की कलश कांवड़ उठाने का यह पहला प्रयास है। इस मौके पर छोटू चौधरी, गौरव दिवाकर, मनोज माहौर, जीतू माहौर, हरिओम माहौर, शनि माहौर, शिवम गोस्वामी, अजय गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वर्षों से बदहाल पड़े मार्ग का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।











