Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुरसान स्थित आरबीएस पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में स्कूली बच्चों ने रंगारंग एवं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अशोक चौहान एवं भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक प्रशांत कुमार वर्मा मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक रजनेश कुमार, सोनिया सिंह एवं प्रधानाचार्य राजेश यादव ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में देशप्रेम और उत्साह का संचार कर दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल एवं अन्य अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा एक जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है और विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार एवं राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। विद्यालय के प्रबंधक रजनेश कुमार एवं प्रधानाचार्य राजेश यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह और राष्ट्रप्रेम का वातावरण देखने को मिला।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page