हाथरस (रूहेरी) 16 अगस्त। ब्राइट कैरियर पब्लिक स्कूल रूहेरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूर्ण उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मीनू सिंह एवं आरती सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यालय की प्रबंध समिति द्वारा ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
विद्यालय के डायरेक्टर नेम सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को देश की आजादी के संघर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से अवगत कराया। प्रधानाचार्य सुनील पचौरी एवं उपप्रधानाचार्या दीपिका शर्मा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि भारत को स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए अनेक कठिनाइयों और संघर्षों का सामना करना पड़ा। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व को समझने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद कक्षा 11 की छात्राओं जानवी, मुस्कान एवं श्रेयांसी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात जवानों के त्याग और समर्पण को दर्शाया। उन्होंने संदेश दिया कि देशवासी आज अपने घरों में सुरक्षित जीवन जी रहे हैं तो इसके पीछे भारतीय सैनिकों का अदम्य साहस और बलिदान है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान विद्यार्थियों ने यह भाव भी व्यक्त किया कि सीमा पर तैनात जवान भले ही देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं, लेकिन वे भी किसी के बेटे, पति और पिता हैं। उनकी वीरता और त्याग को नमन करते हुए विद्यार्थियों ने देशप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर मनोज कुमार, गिरीश कुमार, आलोक कुमार, कविता, खुशबू, नीरज सौनी, अंकुर शर्मा, राजेश शर्मा, रवि कुमार, देवेश शर्मा, रश्मि, मोनिका, शमीम अहमद सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के सम्मान में सामूहिक रूप से ‘जन गण मन’ गाकर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।











