Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 अगस्त। सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के विशाल प्रांगण में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा, विद्यालय के प्रबंधक फादर जॉर्ज पॉल, प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा एवं उपप्रधानाचार्य सिस्टर कीर्ति द्वारा मां भारती को नमन करते हुए दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद भारत माता के जयकारों के बीच ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण का भाव व्यक्त किया गया। विद्यालय के बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सामूहिक गान, सामूहिक नृत्य तथा विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। छात्र कृष्णा दुबे एवं छात्रा रितिका पुरोहित ने वीर शहीदों को समर्पित राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि चिरंजीव नाथ सिन्हा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक निष्ठापूर्वक अपने कर्तव्यों का पालन करे तो भारत निश्चित रूप से सर्वोच्च शिखर पर पहुंच सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा ने छात्र-छात्राओं को उनके कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का स्मरण कराते हुए कहा कि विद्यार्थी ही भारत का उज्ज्वल भविष्य हैं। इसलिए मन लगाकर अध्ययन करना, संस्कार एवं शिष्टाचार को जीवन में अपनाना तथा अपने नैतिक दायित्वों का ईमानदारी से पालन करना प्रत्येक विद्यार्थी की जिम्मेदारी है। विद्यालय के प्रबंधक फादर जॉर्ज पॉल ने अपने ओजस्वी उद्बोधन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को श्रेष्ठ जीवन जीने तथा समाज एवं राष्ट्रहित में उत्तम कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा ने सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। वहीं प्रबंधक फादर जॉर्ज पॉल ने सभी को राष्ट्रप्रेम से परिपूर्ण शुभकामनाएं दीं। भारत माता को समर्पित यह भव्य एवं भावपूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page