
सिकन्दराराऊ (पुरदिलनगर) 14 अगस्त। सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुरदिलनगर में छात्राओं की रचनात्मक और कलात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने हाथों पर आकर्षक और मनमोहक मेहंदी डिजाइनों को उकेरकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान मेहंदी की स्वच्छता, डिजाइन की सुंदरता, कलात्मकता और समयबद्धता को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया। छात्राओं के उत्साह और प्रतिभा ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीशंकर शर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा निखरती है और उनमें आत्मविश्वास के साथ भारतीय कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि भी बढ़ती है। प्रतियोगिता के अंत में निर्णायक मंडल की नीरज कुशवाह और शकुंतला देवी ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। शिशु वर्ग में सृष्टि यादव ने प्रथम और संध्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बाल वर्ग में नव्या प्रथम, सानिया द्वितीय तथा वर्तिका और नीतू ने तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।






