Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अगस्त। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (एडीएचआर) द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लगातार 12वीं विशाल तिरंगा संदेश बाइक रैली का आयोजन हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ किया गया। रैली का शुभारंभ शहीद भगत सिंह पार्क, डीआरबी इंटर कॉलेज से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर बाइक सवारों ने शहर में देशभक्ति का संदेश दिया। रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘अमर शहीद अमर रहें’ जैसे नारों से शहर गूंज उठा। रैली में शामिल लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया। एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने बताया कि संस्था पिछले 11 वर्षों से लगातार तिरंगा संदेश बाइक रैली का आयोजन करती आ रही है और इस वर्ष यह 12वीं रैली है। उन्होंने कहा कि रैली का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने शहरवासियों से स्वतंत्रता दिवस को केवल अवकाश के रूप में न मनाकर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले महान बलिदानियों को सम्मानपूर्वक याद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के सम्मान के साथ संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

शहीद भगत सिंह पार्क से शुरू हुई बाइक रैली नई धर्मशाला, चांवड़ गेट, सब्जी मंडी, नयागंज, पत्थर बाजार, नजिहाई, घंटाघर, हलवाई खाना, गुड़िहाई बाजार, रामलीला मैदान, बैनीगंज, पुनः घंटाघर, मोहनगंज, पुरानी कलेक्ट्रेट, तालाब चौराहा होते हुए आर्य समाज सासनी गेट पहुंची, जहां रैली का विश्राम हुआ। शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया तथा बाइक सवारों का उत्साहवर्धन किया। एडीएचआर ने रैली को सफल बनाने में सहयोग और उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। संस्था ने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। रैली में मोहनलाल अग्रवाल, कमलकांत दोवराबाल, शैलेंद्र सांवलिया, अनिल वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, रवि गुप्ता, तरुण पंकज, सुनीत आर्य, राजेश वार्ष्णेय, अमन बंसल, गौरव अग्निहोत्री, आशीष वार्ष्णेय, हरीश आंधीवाल, योगेश वार्ष्णेय, सुनील अग्रवाल, निष्कर्ष गर्ग, नीरज गोयल, डॉ. पी.पी. सिंह, राज वार्ष्णेय, सुरेंद्र वार्ष्णेय, ऋषि शर्मा, राम अग्रवाल, उद्धव कृष्ण शर्मा, सौरभ सिंघल, राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी, मुरारी चौधरी, डॉ. अभिषेक कुलश्रेष्ठ, अमित गर्ग सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page