
हाथरस 14 अगस्त। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) हाथरस ब्रज प्रांत की नगर इकाई द्वारा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सेठ हरचरन दास कन्या इंटर कॉलेज से भव्य रानी लक्ष्मीबाई शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का संदेश दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ नगर अध्यक्ष मुकेश भारद्वाज, नगर उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार, श्रीमती सरिता देवी, मुख्य अतिथि एवं पूर्व कार्यकर्ता अनुराग अग्निहोत्री, विशिष्ट अतिथि राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी तथा जिला संगठन मंत्री सर्वेश शर्मा ने ध्वज दिखाकर किया। इस अवसर पर अभाविप हाथरस के जिला संयोजक माधव अग्निहोत्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए शोभायात्रा में कदम से कदम मिलाकर चलने तथा राष्ट्र के प्रति सदैव सजग और जिम्मेदार रहने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अभाविप के पूर्व कार्यकर्ता एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनुराग अग्निहोत्री तथा विश्व हिंदू परिषद के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी पूरी शोभायात्रा में छात्राओं के साथ रहे।
शोभायात्रा के माध्यम से छात्राओं और समाज में राष्ट्रभक्ति एवं विद्यार्थी हितों का सकारात्मक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से राशि वार्ष्णेय, सरस्वती महाविद्यालय अध्यक्ष, तथा चंचल कुशवाहा, जिला छात्रा प्रमुख हाथरस ने राष्ट्र और विद्यार्थी हितों से जुड़े जोशीले नारे लगवाए। इससे छात्राओं में उत्साह और मनोबल देखने को मिला। प्रांत कार्यकारिणी सदस्य दिल राघव एवं जिला संयोजक माधव अग्निहोत्री ने शोभायात्रा की व्यवस्थाओं को विधिवत संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शोभायात्रा में रानी लक्ष्मीबाई का रूप धारण किए छात्रा की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकी और शोभायात्रा ने लोगों का मन मोह लिया। शहर में जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा हाथरस के प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी, जहां लोगों ने उत्साह के साथ इसका स्वागत किया। शोभायात्रा के समापन के बाद जिला संगठन मंत्री हाथरस सर्वेश शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें संस्कारित और सशक्त बनने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में सेठ हरचरन दास कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती सरिता देवी की अहम भूमिका रही। उनके सहयोग से शोभायात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस अवसर पर नगर सह मंत्री श्याम गौतम, भूमिका शर्मा, आदित्य रावत, हरि गोपाल, शनी शर्मा, बाशू वार्ष्णेय, आकाश शर्मा, भूमि चौधरी, ज्योति वर्मा, गुंजन शर्मा सहित अभाविप के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







