
हाथरस 03 अक्टूबर। हाथरस के आराध्य एवं प्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज के ऐतिहासिक मेले के 115वें आयोजन के अवसर पर रविवार, 4 अक्टूबर को भव्य पंजाबी दरबार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम रात 8 बजे से मेला पंडाल में शुरू होगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजकों के अनुसार इसे लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह है। पंजाबी दरबार में देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पंजाबी गायक अमर संधू, मशहूर गायक मिस्टर दत्त, अपना नितिन, अभिनेत्री अंजली राघव, हरियाणवी अभिनेत्री संजना यादववंशी एवं श्याम यादव सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम में पंजाब का प्रसिद्ध गिद्दा ग्रुप और स्टोन रॉक डांस ग्रुप भी विशेष प्रस्तुतियां देंगे। पंजाबी संगीत, फिल्मी गीतों और नृत्य की विभिन्न प्रस्तुतियां पंजाबी दरबार का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन हाथरस विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर द्वारा किया जाएगा। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष संजय शर्मा दीप प्रज्वलित करेंगे। कार्यक्रम में प्रेमसिंह कुशवाहा, सीमा उपाध्याय एवं सांसद अनूप वाल्मीकि मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के संयोजक एवं आयोजक अंकित गौड़, पूर्व भाजपा विस्तारक ने बताया कि पंजाबी दरबार को लेकर हाथरस की जनता में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि दाऊजी महाराज के ऐतिहासिक मेले में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जिलेवासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। उन्होंने शहरवासियों एवं मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने का आग्रह किया। प्रेसवार्ता के दौरान जिला महामंत्री राजेश गुड्डू, कार्यक्रम संयोजक व पूर्व भाजपा विस्तारक अंकित गौड़, सह-संयोजक डॉ. कमल उपाध्याय एवं माही शर्मा, स्वागताध्यक्ष मनोज वार्ष्णेय, संरक्षक प्रमोद संजय, युवा समाजसेवी कार्यक्रम अध्यक्ष राकेश शर्मा, कार्यक्रम निर्देशक अंकुश गौड़ के अलावा शहर कोषाध्यक्ष रजत अग्रवाल आदि मौजूद रहे।










