Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 नवंबर। सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव बागपुर में बहन की सोशल मीडिया आईडी हैक होने के मामले की जांच कराने पर युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर थाना साइबर में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। गांव बागपुर निवासी अनीस खान ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी बहन रूबी पुत्री सफी मोहम्मद की फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ‘रूबी सकीना’ नाम से आईडी थी। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आईडी हैक कर ली और उस पर फर्जी आईडी व फोटो लगाकर दुरुपयोग किया जाने लगा। इस संबंध में बहन ने साइबर सेल हाथरस में शिकायत दी थी।

अनीस के अनुसार, साइबर सेल की जांच के दौरान गांव के ही आविद का नाम सामने आया। जब उसने आविद और उसके स्वजन से इस बारे में कहासुनी की तो उन्होंने रंजिश मान ली। पीड़ित का आरोप है कि पांच जून की शाम आविद, इतबारी, असनवी पत्नी गब्बर और तीन अज्ञात लोग एक राय होकर उसके घर पहुंच गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर थप्पड़ों से मारपीट की। साथ ही धमकी दी कि उनकी जांच कराने का अंजाम भुगतना पड़ेगा और जान से मार देंगे। अनीस के मुताबिक, चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी पुलिस कार्रवाई करने पर धमकी देकर चले गए। पीड़ित ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह थाना सहपऊ पहुंचा, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक हाथरस को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी। वहां से भी कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब न्यायालय के आदेश पर थाना साइबर में आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page