
हाथरस 13 अगस्त। भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत, एकता और अखंडता का संदेश देते हुए जेसीआई विक्ट्री की ओर से तीज के पावन अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि तीज के उल्लास के साथ आगामी स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति के रंग को भी कार्यक्रम में खूबसूरती से जोड़ा गया। कार्यक्रम में संस्था की सदस्याओं ने भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को अपने पारंपरिक परिधानों के माध्यम से प्रस्तुत किया। सदस्याओं ने अलग-अलग राज्यों के मनमोहक परिधान पहनकर रैंप वॉक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक की विविध संस्कृति को एक मंच पर देखकर ऐसा लगा मानो पूरा लघु भारत हाथरस में सिमट आया हो। सदस्याओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को और खास बनाने के लिए भारत के विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने जमकर आनंद लिया। इसके साथ ही कई मनोरंजक और रोचक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सदस्याओं ने डीजे की धुनों पर जमकर डांस किया और उत्सव का भरपूर आनंद उठाया। आयोजन को सफल बनाने में संस्था की अध्यक्षा रीना गुप्ता, सचिव स्नेहा गुप्ता, कोषाध्यक्ष कोमल माहेश्वरी और जोन ऑफिसर दीप्ति अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जेसीआई हाथरस विक्ट्री की सभी सदस्याओं ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की और कार्यक्रम को यादगार बनाया। समापन पर संस्था की अध्यक्षा रीना गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए तीज पर्व और आगामी स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101




