Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अगस्त। कस्बा सहपऊ में फर्जी KYC कराकर बैंक खाते खुलवाने और उनका कथित रूप से गलत इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। मोहल्ला बरीवाला निवासी आकाश ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर प्रतीक, प्रसून और अनंत कौशिक निवासी सहपऊ समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार, आकाश मजदूरी करता है। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व प्रतीक, प्रसून और अनंत उसके पास पहुंचे और उसे बताया कि बैंक की ओर से ऑफर आया है। उन्होंने कहा कि KYC कराने पर 300 रुपये तक का कैशबैक मिलेगा। उनकी बातों पर विश्वास करते हुए आकाश ने अपना पैन कार्ड, आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट उपलब्ध करा दिया। आकाश का आरोप है कि इसके बाद उक्त लोगों ने उसकी आईडी का इस्तेमाल कर बैंक में खाता खुलवा लिया। इस खाते का कथित रूप से गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि उसे खाते के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई।

पीड़ित ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि इसी तरीके से गोपाल और जितेंद्र निवासी मोहल्ला बरीवाला सहपऊ समेत कस्बे और आसपास के गांवों के करीब 100 से 150 लोगों के फर्जी बैंक खाते खुलवाए गए हैं। आरोप है कि इन खातों का इस्तेमाल गलत कामों में किया जा रहा है। खाते खुलवाने और उनके कथित उपयोग में कस्बा सहपऊ के कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम-पते पुलिस को उपलब्ध कराने की बात पीड़ित ने कही है। आकाश ने आशंका जताई कि इस तरह खोले गए खातों का दुरुपयोग कर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों को भी अंजाम दिया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में अन्य लोग इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार न हों। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा संबंधित बैंक खातों के लेन-देन और KYC प्रक्रिया की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page