Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अगस्त । शहर के मोहल्ला विजय नगर में गुरुवार रात करीब आठ बजे नगर पालिका में टैक्स कलेक्टर के पद पर तैनात गौरव दीक्षित की अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली सदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरव के बहनोई मदन निवासी आगरा ने बताया कि रात करीब आठ बजे गौरव की पत्नी ने उनकी पत्नी प्रिया को फोन कर जानकारी दी कि गौरव अचेत हो गए हैं और कुछ बोल नहीं रहे हैं। रोने-बिलखने की आवाज सुनकर प्रिया ने मदन को सूचना दी। रात में विजय नगर पहुंचने पर मदन को गौरव की मौत की जानकारी हुई। परिजन उन्हें शहर के निजी अस्पतालों में भी लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मदन के अनुसार गौरव के सीने और पेट पर चोट के निशान थे, जिसके चलते उन्हें मौत को लेकर संदेह हुआ। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, जिसके चलते विसरा सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम के दौरान गौरव की छाती पर 12 से अधिक नाखूनों के निशान और बांह पर चोट का निशान मिलने की बात सामने आई है। इधर, शुक्रवार शाम गौरव की मां और बहन ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा से मुलाकात कर गौरव की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी। एसपी ने मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने भी बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। गौरव की शादी करीब 11 महीने पहले हुई थी। उनके पिता सत्यप्रकाश की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है और गौरव को मृतकाश्रित कोटे में नौकरी मिली थी। उनकी मौत से मां और पत्नी के सामने परिवार का सहारा छिन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page