
हाथरस 13 अगस्त। नगर पंचायत मेंडू, जनपद हाथरस में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष सचेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा में सभासदगण, नगर पंचायत कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं नगरवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए निकली यात्रा से पूरे नगर में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला। तिरंगा यात्रा के दौरान नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष सचेंद्र कुशवाहा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता, त्याग एवं वीरता का प्रतीक है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाते हुए पूरे सम्मान के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी एवं राष्ट्रभक्ति का परिचय दें। उन्होंने कहा कि तिरंगे की शान बढ़ाना और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नगरवासियों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।










