Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 अगस्त। आगरा गेट स्थित डाकघर में आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। सरकारी योजनाओं में आधार की अनिवार्यता के कारण लोग प्रतिदिन सुबह से ही डाकघर पहुंच रहे हैं, जिससे लंबी कतारें लग रही हैं। मंगलवार सुबह भी डाकघर खुलने से कई घंटे पहले ही सैकड़ों लोग बाहर जमा हो गए। सुबह करीब छह बजे से ही लोग आधार कार्ड बनवाने या नाम, पता, जन्मतिथि जैसे विवरणों में संशोधन कराने के लिए इंतजार कर रहे थे। डाकघर के बाहर देखते ही देखते लंबी लाइन लग गई। आधार कार्ड अब लगभग हर सरकारी योजना के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बन गया है। राशन, बैंकिंग, छात्रवृत्ति और पेंशन जैसी विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए इसकी आवश्यकता होती है। इसके अलावा, नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या पते में किसी भी त्रुटि को अपडेट कराना भी अनिवार्य है, जिसके चलते डाकघर में आधार संबंधी कार्यों के लिए आने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से डाकघर के बाहर भीड़ की स्थिति बन जाती है। लोगों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को इस भीड़ के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आधार संबंधी कार्यों के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे लोगों को घंटों लाइन में खड़े रहने से मुक्ति मिलेगी और आधार कार्ड बनवाने व अपडेट कराने की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page