Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अगस्त। राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया बंद होने के बावजूद सरस्वती महाविद्यालय में विज्ञान वर्ग की कई सीटें अभी भी रिक्त हैं। महाविद्यालय प्रशासन इन सीटों को भरने के लिए प्रवेश प्रक्रिया तेज करने में जुटा है। खासकर बीएससी और एमएससी गणित एवं भौतिक विज्ञान में विद्यार्थियों के लिए प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं। बीएससी में कुल 360 सीटें निर्धारित हैं। इनमें बीएससी बायोलॉजी में 114 और बीएससी गणित में 86 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। इस तरह स्नातक स्तर पर विज्ञान वर्ग की काफी सीटें अभी खाली हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य मृदुल दीक्षित ने बताया कि रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इच्छुक छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से जल्द महाविद्यालय में संपर्क करने की अपील की है, ताकि उपलब्ध सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके। स्नातकोत्तर स्तर पर एमएससी केमिस्ट्री की सभी 12 निर्धारित सीटों पर प्रवेश पूरा हो चुका है। वहीं एमएससी गणित में अब तक 10 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जबकि 15 सीटें अभी रिक्त हैं। इसी प्रकार एमएससी भौतिक विज्ञान में छह विद्यार्थियों का प्रवेश हुआ है और यहां भी 15 सीटें खाली हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक विद्यार्थियों से रिक्त सीटों की जानकारी लेकर जल्द प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page