Hamara Hathras

Latest News

सासनी 09 अगस्त। केएल जैन इंटर कॉलेज में आयोजित स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। जिला मुख्य आयुक्त रणवीर सिंह के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में 203 विद्यार्थियों ने प्रवेशिका, प्रथम सोपान और द्वितीय सोपान का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और आपदा के समय उपयोगी कौशलों की जानकारी दी गई। शिविर की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक जैन ने की। स्काउट मास्टर डॉ. पंकज जैन, दीपक शर्मा एवं संजय जैन द्वितीय ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। शिविर के पहले दिन विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड के इतिहास, सिद्धांतों, प्रतिज्ञा, प्रार्थना एवं झंडा गीत के बारे में जानकारी दी गई। दूसरे दिन प्राथमिक चिकित्सा एवं पायनियरिंग के तहत रस्सी की विभिन्न प्रकार की गांठें लगाने का अभ्यास कराया गया। अंतिम दिन विभिन्न टोलियों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने तंबू निर्माण किया। इसके साथ ही जूता स्टैंड, पानी स्टैंड, बर्तन स्टैंड, कूड़ेदान स्टैंड, औजार स्टैंड और जंगल अलमारी सहित विभिन्न कैंप गैजेट्स तैयार किए। स्काउट-गाइड ने जंगल भोज के दौरान बिना बर्तनों के चोखा-बाटी और भेलपुरी बनाकर आत्मनिर्भरता का प्रदर्शन किया। शिविर के समापन अवसर पर कैंप फायर का आयोजन किया गया। वंशिका, शालिनी दीक्षित, चारु और चंचल पुण्डरी ने चार दिशाओं के दूतों की भूमिका निभाते हुए शांति, ज्ञान, हरियाली और भाईचारे का संदेश दिया। विभिन्न टोलियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में दरियापुर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि रहे, जबकि सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल ने स्काउट-गाइड द्वारा तैयार किए गए तंबुओं एवं कैंप गैजेट्स का निरीक्षण भी किया। शिविर को सफल बनाने में कुश कटारा, मनोज शर्मा, वीरेंद्र प्रताप सिंह, सतीश दिवाकर, शोभित जैन, आशीष दुबे, संजय कुमार सेंगर, राहुल दुबे, मुकेश शर्मा एवं चंद्रपाल सिंह का सराहनीय सहयोग रहा। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल स्काउट-गाइड के सिद्धांतों को जाना, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के जरिए सेवा, सहयोग, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का महत्व भी सीखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page