सासनी 08 अगस्त। थाना सासनी क्षेत्र के गांव अकबरपुर में बीमारी के दौरान घर में रखे आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पड़ोसी युवक और उसकी मां पर चोरी में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए थाना सासनी में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव अकबरपुर निवासी चंद्रभान पाल सिंह ने सात अगस्त को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह निजी शिक्षण कार्य और खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मार्च से अप्रैल 2026 के बीच वह बीमार थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के नगेंद्र ने उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चाबी से घर का ताला खोल लिया और करीब दो तोला सोने के आभूषण चोरी कर लिए। इनमें करीब डेढ़ तोले के कान के झाले और पौन तोले की दो अंगूठियां शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार, नगेंद्र ने इससे पहले नवंबर और दिसंबर 2025 में भी बिना ताला तोड़े घर से करीब साढ़े तीन तोले का मंगलसूत्र और 4,500 रुपये नकद चोरी किए थे। उस समय गांव के पूर्व प्रधान राजकुमार, विजय सिंह, पूर्व सूबेदार राधेश्याम, पुष्पेंद्र और रणवीर सिंह के हस्तक्षेप के बाद चोरी का सामान वापस कराया गया था। तहरीर में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि नगेंद्र ने अपनी बुआ रचना और दादी के आभूषण भी चोरी किए हैं। आरोप है कि उसकी मां राजकुमारी देवी भी बेटे का बचाव करती है और पूछताछ करने पर आत्महत्या कर मामले में फंसाने की धमकी देती है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।







