Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 08 अगस्त। कस्बे के सादाबाद इंटर कॉलेज में आज विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बीमारियों के कारण, बचाव के उपाय, आवश्यक सावधानियों और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। विद्यालय के संचारी रोग प्रभारी धर्मवीर सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ घर और आसपास के वातावरण को साफ रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का सेवन करने, भोजन को ढककर रखने तथा खाने से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने की सलाह दी। सिंह ने मच्छरों से फैलने वाले रोगों की रोकथाम पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि घर, विद्यालय और आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। पानी की टंकियों एवं बर्तनों को ढककर रखने के साथ-साथ कूलर, गमले और अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से साफ करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को बुखार या किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की हिदायत दी। प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका अहम है। यदि बच्चे स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक होंगे, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं स्वच्छता संबंधी सावधानियों का पालन करने और अपने परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी संचारी रोगों से बचाव के लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संचारी रोगों की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। उन्हें इन विषयों पर आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया गया। इस अवसर पर कु. शिखा शर्मा, ब्रजेश कुमार, मु. इमरान, मेवाराम, मु. शादाब, कपिल गुप्ता, संजय पाल सिंह, नाजिया हिना, प्रदीप गौतम, निकेश कुमार तिवारी, इंद्रदत्त सिंह, राजेश कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page