
हाथरस 08 अगस्त। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी बीच शनिवार को इगलास अड्डा फाटक चौराहे पर ड्यूटी में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी मनोज कुमार यादव की एक अलग तस्वीर सामने आई। सड़क पर बने गड्ढों को देखकर उन्होंने ड्यूटी के साथ खुद फावड़ा उठाया और मिट्टी डालकर गड्ढों को भरने में जुट गए। चौराहे के पास सड़क पर बने गड्ढों के कारण कांवड़ यात्रियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कांवड़ यात्रा के चलते इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ी हुई है। ऐसे में सड़क पर मौजूद गड्ढे हादसे का कारण बन सकते थे। समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मी मनोज कुमार यादव ने किसी का इंतजार किए बिना स्वयं फावड़ा उठाया और मिट्टी डालकर सड़क के गड्ढों को भरना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी को ड्यूटी के साथ सड़क की स्थिति सुधारने में जुटा देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी पहल की सराहना की। लोगों का कहना था कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए इस तरह की तत्परता जरूरी है। पुलिसकर्मी की इस पहल से राहगीरों और कांवड़ यात्रियों को कुछ राहत मिली। हालांकि, इसी दौरान चौराहे पर ड्यूटी में तैनात दो होमगार्ड चाय पीते हुए नजर आए। उनकी तस्वीर भी मौके पर चर्चा का विषय बनी। एक तरफ जहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी सड़क के गड्ढे भरने के लिए खुद फावड़ा चलाते दिखाई दिए, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के चाय पीते नजर आने पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। पूरे घटनाक्रम ने जहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी की सक्रियता और मानवीय पहल को सामने रखा, वहीं ड्यूटी के दौरान जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा छेड़ दी।











