
हाथरस 08 अगस्त। साइबर ठगी के शिकार दो लोगों के खाते से निकाली गई कुल 24 हजार रुपये की धनराशि हाथरस पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने वापस करा दी। पुलिस के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 को सासनी की हरीनगर कॉलोनी निवासी कौशलेंद्र शर्मा पुत्र रामकुमार शर्मा ने शिकायत दी थी कि साइबर फ्रॉड के जरिए उनके बैंक खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। वहीं 23 जून 2026 को ब्राह्मणपुरी सासनी निवासी श्रवण गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई कि साइबर ठगी के माध्यम से उनके खाते से 4 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों को तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना सासनी साइबर क्राइम पुलिस टीम ने शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रांसफर हुई धनराशि का विवरण प्राप्त किया और लाभार्थी के बैंक खाते को डेबिट फ्रीज कराकर रकम को सुरक्षित कराया। पुलिस टीम के सार्थक प्रयासों के बाद 8 अगस्त 2026 को दोनों शिकायतकर्ताओं के खातों से निकाली गई कुल 24 हजार रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि उनके बैंक खातों में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर कौशलेंद्र शर्मा एवं श्रवण गुप्ता ने खुशी जाहिर करते हुए हाथरस पुलिस का आभार जताया और साइबर क्राइम टीम की सराहना की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना खाता नंबर, पिन, ओटीपी, सीवीवी सहित अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा 1930 पर कॉल कर सूचना दें।











