Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 अगस्त। जैतई मार्ग पर आज दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। बच्चों को स्कूल ले जा रही एक वैन और मिनी बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई, हालांकि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। जानकारी के अनुसार, एक स्कूल की मारुति वैन बच्चों को लेकर स्कूल परिसर से मुख्य मार्ग पर आ रही थी। इसी दौरान जैतई मार्ग की ओर से दूसरे स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक मिनी बस सामने से आ गई। मार्ग पर संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे उनके अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों वाहनों में सवार बच्चों को सुरक्षित पाया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि टक्कर थोड़ी और तेज होती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दुर्घटनाग्रस्त हुए दोनों स्कूल वाहनों के पास आवश्यक कागजात पूरे नहीं थे। इसके बावजूद ये वाहन लगातार बच्चों को लेकर सड़कों पर चल रहे थे। अभिभावक ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा स्कूल वाहनों की नियमित जांच और कार्रवाई न होने के कारण नियमों की अनदेखी की जा रही है। हादसे के बाद भी दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ मौके पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बताया गया है कि दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत कर मामला सुलझा लिया और अपने-अपने वाहनों को लेकर चले गए। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग से स्कूल वाहनों की गहन जांच करने और बिना कागजात संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page