सिकन्दराराऊ 06 अगस्त । कोतवाली क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित ग्राम नगला भूर्ण में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 27 वर्षीय युवक का शव खेत में नीम के पेड़ से अंगोछे के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार नगला भूर्ण निवासी सत्यपाल (27) पुत्र विजयपाल गुरुवार सुबह करीब नौ बजे अपने खेत पर गया था। कुछ देर बाद खेत की ओर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर नीम के पेड़ से लटके सत्यपाल के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां युवक का शव देखकर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि सत्यपाल पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी का काम करता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाए जाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।








