
हाथरस 06 अगस्त। लंबित रिट एवं आयोग संदर्भ, आरटीआई प्रकरणों और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गंभीरता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आयोग से प्राप्त संदर्भ, आरटीआई प्रकरण, आईजीआरएस पोर्टल तथा जनता दर्शन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी के स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि जनता दर्शन, आईजीआरएस पोर्टल अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त भूमि संबंधी शिकायतों के निस्तारण में आवश्यकता के अनुसार स्थलीय निरीक्षण अवश्य किया जाए। उन्होंने कहा कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करने से शिकायतों का संतोषजनक एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा और प्रकरणों को डिफाल्टर अथवा लंबित श्रेणी में जाने से रोका जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल की प्रोफाइल समय से अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरटीआई प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर सटीक, स्पष्ट एवं संतोषजनक सूचना उपलब्ध कराना अनिवार्य है। वहीं आयोग से संबंधित मामलों में समय से जांच पूरी कर गुणवत्तापूर्ण आख्या प्रेषित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त सभी प्रकरणों का निस्तारण गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित अन्य संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











