Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 अगस्त। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल जनपद के जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सदर उपजिलाधिकारी राज बहादुर सिंह का उनके कार्यालय पहुंचकर स्वागत किया। व्यापारियों ने श्री राम दरबार की प्रतिमा भेंट करने के साथ पटका पहनाकर उनका अभिनंदन किया। यह स्वागत स्थानीय प्रशासन द्वारा एक बुक सेलर के यहां से बरामद की गई भारतीय मुद्रा के मामले में की गई कार्रवाई के लिए किया गया। फेडरेशन के जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से कलंकित होने से बचाने का काम हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय मुद्रा को बेचने और गलाने वाले राष्ट्रविरोधी तत्वों के कारण हाथरस के स्थानीय मेटल कारोबार की छवि प्रभावित हो रही थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही उनकी कोठी, फैक्ट्री और प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए, ताकि गलत कार्य करने वाले अन्य लोगों में भी कानून का भय पैदा हो और उन्हें सबक मिल सके।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन एवं कार्रवाई में शामिल टीम का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से ईमानदारी से कारोबार करने वाले व्यापारियों का मनोबल बढ़ता है और शहर के व्यापारिक वातावरण की छवि भी बेहतर होती है। इस अवसर पर लोकसभा प्रभारी पंडित हरेंद्र शर्मा, फेडरेशन के अंकुर अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, ऋषि वार्ष्णेय, लोकेश अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, देवकीनंदन वर्मा सहित अन्य व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। स्वागत के दौरान सदर एसडीएम राज बहादुर सिंह ने कहा कि कुछ लोगों के गलत कार्यों के कारण पूरा व्यापारी समाज बदनाम होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई समय-समय पर जारी रहेगी और किसी भी गलत कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सही तरीके से कारोबार करने वाले और सम्मानजनक जीवन जीने वाले व्यापारियों को प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा तथा उनका किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या शोषण नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम ने स्वागत एवं सम्मान के लिए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page