Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 अगस्त। कुरसंडा के राजकीय महाविद्यालय में आज “नशा मुक्त भारत” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. मृदुला गौतम के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डॉ. मृदुला गौतम ने एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव और रोवर-रेंजर प्रभारी डॉ. राधा शर्मा के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने “नशा मुक्त भारत” अभियान की आवश्यकता, नशे के कारण, उसके दुष्परिणाम और रोकथाम के उपायों पर अपने प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में मिथुन, लक्ष्मी, अरमान, दीपक, मधु, कशिश, सोनिया, विकास सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने भाषणों के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।निर्णायक मंडल में डॉ. हेमंत कुमार, डॉ. डी. के. तोमर और डॉ. नरेंद्र सिंह शामिल थे, जिन्होंने प्रतिभागियों के भाषणों का मूल्यांकन किया। परिणामों की घोषणा करते हुए, बीएससी प्रथम वर्ष के वंश गौतम को प्रथम स्थान मिला, जबकि बीए प्रथम वर्ष की उमा द्वितीय और बीए द्वितीय वर्ष के यश तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को महाविद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के लिए एक बड़ा अभिशाप है, जो व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page