Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 01 अगस्त। कस्बा मुरसान में एक महिला ने अपने बेटे के ससुराल पक्ष के लोगों समेत सात आरोपियों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर मुरसान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के मुताबिक, 28 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे वह अपने परिजनों के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान उसके बेटे के ससुरालीजन राजेंद्र (ससुर), सागर (साला), सरोज (सास), नेहा (पुत्री) और योगेश कुमार, निवासी धौरपुर, थाना हाथरस जंक्शन, दो अज्ञात लोगों के साथ उसके घर में घुस आए। महिला का आरोप है कि उसने घर पहुंचे लोगों को चाय-पानी के लिए पूछा और बैठने को कहा, लेकिन इसी दौरान वे उग्र हो गए। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट करते हुए अभद्रता की।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान सागर ने घर की अलमारी में रखा पेचकस निकालकर उसके सिर पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद महिला ने बचाव के लिए शोर मचाया। उसकी चीख-पुकार सुनकर पति और बेटा मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। मारपीट में महिला, उसके पति और बेटे को चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह तीनों को आरोपियों से बचाया। घटना के बाद महिला के बेटे ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर मुरसान पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page