
सिकन्दराराऊ 31 जुलाई। अलीगढ़ रोड स्थित गांव हुसैनपुर में एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। हालांकि बाद में गांव के संभ्रांत लोगों की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। पुलिस का कहना है कि अब तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार कासगंज जनपद के थाना सोरों क्षेत्र के गांव नगला खुशहाली निवासी रामवीर सिंह की पुत्री शिवानी कुमारी का विवाह करीब सवा वर्ष पूर्व हुसैनपुर निवासी अवनीश यादव के साथ हुआ था। गुरुवार रात शिवानी ने कथित रूप से किसी अज्ञात कारण से जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सिकंदराराऊ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही शिवानी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। घटना के बाद कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी, लेकिन बाद में गांव के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराकर समझौता करा दिया। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि तहरीर प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





