Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 31 जुलाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने आज सादाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कई कांवड़ सेवा शिविरों और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। सीएमओ ने बस स्टैंड हाथरस, विनोबा नगर, गोविंदपुर, कुरसंडा मोड़, गीगला, बिसाना, पंचम ढाबा चंदपा, बढ़ार चौराहा और इमरजेंसी सर्विसेज सीएचसी सादाबाद का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान, सभी कांवड़ सेवा शिविरों पर स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मौजूद पाए गए। सीएमओ ने चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉ. वेद प्रकाश ने शिविरों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी श्रद्धालु को उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े। सीएमओ ने यह भी कहा कि जहां भी चिकित्सा सहायता की आवश्यकता हो, वहां तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए। गंभीर स्थिति होने पर बिना देरी के मरीज को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को गर्मी, थकान, डिहाइड्रेशन, चोट या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित कांवड़ यात्रियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। शिविरों में आवश्यक दवाइयों, ओआरएस, पेयजल और प्राथमिक उपचार सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सीएमओ ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। सभी शिविरों पर 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले से होकर गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़ यात्री को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले, जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page