Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 18 अगस्त। पंजाब नेशनल बैंक से 14 हजार रुपये निकालकर घर जा रही महिला के बैग से शातिरों ने रुपये पार कर दिए। वारदात में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। हसायन क्षेत्र के गांव शीतलवाड़ा निवासी सावित्री देवी मंगलवार दोपहर करीब 2:20 बजे सिकंदराराऊ जीटी रोड स्थित पीएनबी बैंक से 14 हजार रुपये निकालकर अपने बैग में रखकर स्कूटी से घर जाने लगी थीं। आरोप है कि बैंक के अंदर से ही दो महिलाएं और एक पुरुष उन पर नजर रखे हुए थे और बैंक से बाहर निकलने के बाद भी उनका पीछा करते रहे। बताया गया कि महिला जैसे ही बैंक के गेट के बाहर पहुंचीं, शातिरों ने उनकी स्कूटी को रोकने के लिए आगे एक बाइक लगा दी। सावित्री देवी जब स्कूटी निकालने का प्रयास कर रही थीं, तभी एक महिला ने पीछे से आकर उनके कंधे पर लटके बैग की चेन खोल दी। महिला ने स्कूटी आगे बढ़ाने की कोशिश की, इसी दौरान दूसरी महिला और पुरुष ने मौका पाकर बैग से 14 हजार रुपये निकाल लिए। कुछ दूर जाने के बाद सावित्री देवी की नजर बैग की खुली चेन पर पड़ी। बैग चेक करने पर रुपये गायब मिले तो उनके होश उड़ गए। वह तत्काल बैंक वापस पहुंचीं और बैंक मैनेजर को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो महिलाएं और एक पुरुष सावित्री देवी पर नजर रखते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। मामले में महिला को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया, जहां उसके परिजन भी पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

 

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page