
हाथरस 31 जुलाई। इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस जागृति का अधिष्ठापन समारोह 30 जुलाई को अलीगढ़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में इनरव्हील एसोसिएशन की वाइस चेयरमैन सोनल बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं डिस्ट्रिक्ट वाइस चेयरमैन ज्योति मित्तल एवं डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरार मंजू पारिक विशिष्ट अतिथि रहीं। इसके अलावा आगरा क्लब की सीजीआर, अलीगढ़ क्लब की पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन पूनम वार्ष्णेय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। समारोह में क्लब की अध्यक्ष मंजूलता वार्ष्णेय एवं सचिव मधुराज शर्मा ने लगातार दूसरे वर्ष अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया। वहीं उपाध्यक्ष रजनी आंधीवाल, कोषाध्यक्ष पूनम खेमका तथा मीनू अग्रवाल ने भी अपने-अपने दायित्व संभाले। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रजनी आंधीवाल एवं दीप्ति वार्ष्णेय ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कीर्ति वार्ष्णेय ने गणेश वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का स्वागत किया। अतिथियों का सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न एवं आकर्षक उपहार भेंट किए गए। समारोह के दौरान क्लब ने सामाजिक सरोकारों का परिचय देते हुए एक निर्धन छात्रा की पूरे वर्ष की विद्यालय शुल्क वहन करने की घोषणा की। साथ ही जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक पुस्तक का विमोचन किया गया तथा उसकी 500 प्रतियां वितरित की गईं। इस अवसर पर क्लब में पांच नए सदस्यों को भी शामिल किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष मंजूलता वार्ष्णेय, सचिव मधुराज शर्मा, उपाध्यक्ष रजनी आंधीवाल, सीजीआर गुंजन दीक्षित, पूनम खेमका, मीनू अग्रवाल, सीमा वार्ष्णेय, नमृता, दीप्ति, नीलम, पवन, सुमन अग्रवाल, सुमन गोयल, गुंजन गर्ग, सुनीता, हेमलता, रूपा, रेखा, निशी, रामा, अर्चना, मधुबाला, आशा, साधना वार्ष्णेय, कीर्ति, अलका, लीला खंडेलवाल, रश्मी, रंजना, दीपिका, मेघा, राधा, अर्चना, रमा सहित बड़ी संख्या में क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं।





