
हाथरस 30 जुलाई। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव खेड़ा परसौली निवासी 22 वर्षीय युवक की नोएडा में सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन नोएडा के लिए रवाना हो गए। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, विकास पुत्र सत्यवीर सिंह गुरुवार देर रात करीब एक बजे डिलीवरी पूरी कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान नोएडा फेज-2 थाने के सामने एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। बताया गया कि विकास अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिवार में एक भाई और चार बहनें हैं। देर रात पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य शव लेने के लिए नोएडा रवाना हो गए। समाचार लिखे जाने तक युवक का शव गांव नहीं पहुंचा था। परिजन और ग्रामीण शव के आने का इंतजार कर रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।






