
हाथरस 29 जुलाई। श्री अग्रवाल सभा हाथरस के वर्ष 2026-2028 के द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। चुनाव समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 22 जुलाई से शुरू हो चुकी है, जबकि नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 6 अगस्त, नाम वापसी की अंतिम तिथि 7 अगस्त तथा मतदान 16 अगस्त को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक श्री रामचंद अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, चामड़ गेट, हाथरस में कराया जाएगा। चुनाव अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, मंत्री एवं संयुक्त मंत्री सहित सात पदों के लिए होगा। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुल्क 5100 रुपये, महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष के लिए 3100 रुपये, जबकि अन्य पदों के लिए 2100 रुपये निर्धारित किया गया है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की आयु 35 वर्ष से अधिक तथा नामांकन के लिए कम से कम दो वर्ष का कार्यकारिणी अनुभव अनिवार्य होगा। मतदान का अधिकार केवल उन्हीं सदस्यों को होगा जिनका स्वयं अथवा उनकी फर्म का नाम मतदाता सूची में दर्ज है तथा जिनकी आयु 18 वर्ष से अधिक है। चुनावी प्रवेश पत्र के बिना मतदान स्थल पर प्रवेश नहीं मिलेगा और यह किसी अन्य सदस्य को हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा। मतदाता सूची 150 रुपये सहयोग राशि जमा कर प्राप्त की जा सकती है। नामांकन पत्र प्राप्त करने एवं जमा करने का स्थान दीपेश अग्रवाल सर्राफ, मोती बाजार, हाथरस निर्धारित किया गया है। चुनाव समिति ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विवाद या आपत्ति की स्थिति में समिति का निर्णय अंतिम और मान्य होगा तथा आवश्यकता पड़ने पर चुनाव संबंधी नियमों में संशोधन का अधिकार भी चुनाव समिति के पास सुरक्षित रहेगा। चुनाव समिति में रामअवतार अग्रवाल एडवोकेट, विजय कृष्ण गर्ग, राकेश बंसल (हींग वाले), देवेन्द्र गोयल (रंग वाले) एवं दीपेश अग्रवाल सर्राफ शामिल हैं।








