
हाथरस 29 जुलाई। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी परती बनारसी में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके पक्ष ने पति, ससुर और जेठ पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मृतका के पिता संतोष चौहान, निवासी गांव लाखनमऊ, थाना बरनाहल, जनपद मैनपुरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी 27 वर्षीय पुत्री कोमल का विवाह गढ़ी परती बनारसी निवासी अभिषेक, पुत्र ओमवीर सिंह उर्फ रामनिवास, के साथ किया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी का उत्पीड़न करता था। शिकायत के अनुसार, कुछ दिन पहले कोमल ने अपने परिजनों को बताया था कि ससुराल वाले एक बुलेट मोटरसाइकिल और ₹50 हजार नकद की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर पति, ससुर और जेठ उसके साथ मारपीट करते थे। मंगलवार को परिजनों को सूचना मिली कि कोमल की मौत हो गई है। मायके पक्ष ने इसे दहेज के लिए की गई हत्या बताया है। बताया गया है कि कोमल अपने पीछे ढाई वर्ष की एक बेटी और दो माह के एक पुत्र को छोड़ गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति अभिषेक, ससुर ओमवीर सिंह उर्फ रामनिवास तथा जेठ सुनील के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी पति अभिषेक को संटीकरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया और बुधवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। क्षेत्राधिकारी सादाबाद जे.एन. अस्थाना ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर पति, ससुर और जेठ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा मामले की गहन जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।








