Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 28 जुलाई। क्षेत्र के निजी विद्यालयों में बढ़ती फीस और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर अभिभावकों में नाराजगी बढ़ रही है। नगला मान्धाता निवासी प्रदीप कुमार ने उप जिलाधिकारी से एक निजी विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। प्रदीप कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पुत्र शिव और पुत्री राधिका हाथरस रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं। उनका आरोप है कि विद्यालय में बच्चों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जबकि फीस में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि भीषण गर्मी में बिजली जाने पर जनरेटर होने के बावजूद पंखे नहीं चलाए जाते, जिससे बच्चे उमस में पढ़ने को मजबूर हैं। प्रदीप कुमार के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से कई बार शिकायत की, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया और व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। अभिभावक ने एसडीएम से विद्यालयों की सुविधाओं, फीस संरचना और बच्चों को दी जा रही मूलभूत व्यवस्थाओं की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। यह शिकायत भले ही एक विद्यालय से संबंधित है, लेकिन क्षेत्र के कई अभिभावकों का कहना है कि सादाबाद के अधिकांश निजी विद्यालयों में कमोबेश ऐसी ही स्थिति है। अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय मोटी फीस तो वसूलते हैं, लेकिन सुविधाओं के नाम पर अपेक्षित व्यवस्थाएं नहीं देते। इस बीच, भीषण गर्मी के दौरान स्कूल समय में हो रही बिजली कटौती भी बच्चों की परेशानी बढ़ा रही है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से निजी विद्यालयों के साथ-साथ परिषदीय विद्यालयों के छात्रों को भी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। प्राथमिक शिक्षक संघ भी पहले स्कूल समय में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की मांग उठा चुका है और तत्कालीन एसडीएम को ज्ञापन सौंप चुका है। अभिभावकों का कहना है कि निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी और स्कूल समय में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित किए बिना छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना संभव नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page