
हाथरस 28 जुलाई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की व्यक्तिगत परीक्षा के लिए प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को 5 अगस्त 2026 तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र के साथ शैक्षिक प्रमाणपत्र, फोटो एवं अन्य आवश्यक अभिलेख निर्धारित अग्रसारण केंद्र पर जमा कराने होंगे। परीक्षा शुल्क 10 अगस्त तक कोषागार में जमा कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पत्रों का सत्यापन कर उन्हें परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अग्रसारित किया जाएगा। समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी स्तर पर आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
जनपद हाथरस में व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के प्रवेश के लिए पांच अग्रसारण केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पंडित दीनदयाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज टुकसान, राजकीय हाईस्कूल बस्तोई, राजकीय हाईस्कूल मुहरिया, राजकीय हाईस्कूल अरौठा तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हाथरस शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र पर हाईस्कूल के अधिकतम 500 तथा इंटरमीडिएट के 700 व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) संत प्रकाश ने बताया कि सभी इच्छुक अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या या विलंब के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि आवेदन, अभिलेखों के सत्यापन और परीक्षा शुल्क जमा करने की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करना अनिवार्य है।







