Hamara Hathras

Latest News

sports Academy 2026 flex – 1

हाथरस 28 जुलाई। चंदपा थाना क्षेत्र के गांव पत्तीगढ़ी में मंगलवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब पीने का विरोध करने पर एक युवक ने अपनी दूसरी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि मारपीट के बाद जब महिला की सांसें चल रही थीं तो आरोपी ने उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया, जिसे पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। गांव गढ़ी पत्ती बनारसी निवासी अभिषेक पुत्र ओमवीर सिंह की शादी करीब दो वर्ष पहले मैनपुरी जिले के थाना कुरा क्षेत्र के गांव चितायन निवासी 27 वर्षीय कोमल से हुई थी। अभिषेक की यह दूसरी शादी थी। बताया गया है कि उसकी पहली पत्नी भी घरेलू विवाद और उत्पीड़न के चलते पहले ही घर छोड़कर जा चुकी है।

ग्रामीणों के अनुसार अभिषेक हाथरस की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से काम नहीं कर रहा था और शराब का आदी हो गया था। मंगलवार शाम शराब पीने और खर्च को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अभिषेक ने कोमल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि अभिषेक ने पत्नी को लात-घूसों से इतना पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद भी जब उसकी सांसें चल रही थीं तो आरोपी ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घर से भागकर गांव खेड़ा परसोली की ओर चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़ लिया। चंदपा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि अभिषेक का परिवार से भी विवाद रहता था और घर में आए दिन मारपीट की स्थिति बनी रहती थी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते किसी ने हस्तक्षेप किया होता तो शायद कोमल की जान बच सकती थी। घटना के बाद कोमल के तीन माह के बेटे और तीन साल की बेटी के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया, महिला की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायत मिलने पर हत्या का अभियोग पंजीकृत कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page