हाथरस 15 सितम्बर। सदर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती से 18 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की मां ने पड़ोसी राजकुमारी के दामाद सोनू के भाई बलराम निवासी अलीगढ़ पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने युवती के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी 12 सितंबर की सुबह पढ़ने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने युवक पर युवती को अपने साथ ले जाने का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। परिजनों के अनुसार, युवती मानसिक रूप से कमजोर है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि उसके साथ कोई गलत घटना हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने पुलिस से युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस युवती की तलाश करने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।








