सादाबाद : खेत की मेड़ जोतने को लेकर विवाद, मारपीट, पीड़ित की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सादाबाद 26 जुलाई। क्षेत्र के गांव बटपुरा में खेत की मेड़ जोतने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बटपुरा निवासी मनोज कुमार ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शनिवार को गांव के राहुल और सीताराम अपने ट्रैक्टर से खेत जोत रहे थे। इस दौरान उन्होंने मनोज के खेत की मेड़ भी जोत दी। जब मनोज ने इसका विरोध किया और मेड़ जोतने का कारण पूछा, तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित मनोज कुमार ने कोतवाली पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








