Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के बिधिपुर गांव में खेत से लौट रहे युवक पर चार लोगों ने हमला कर दिया। यह घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे हुई, जब युवक ट्रैक्टर से जुताई कर घर जा रहा था। पुलिस को दी शिकायत में बिधिपुर निवासी विक्रम उर्फ विष्णु ने आरोप लगाया है कि बिधिपुर बंबा मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे गांव के दो युवकों और दो अज्ञात लोगों ने उसका ट्रैक्टर रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, एक आरोपी ने लोहे के पंच से उसके सिर पर कई वार किए, जबकि दूसरे ने तमंचे की बट से सिर पर प्रहार किया। इस हमले में विक्रम के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मारपीट होते देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विक्रम को हमलावरों से बचाया। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल विक्रम ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उसने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है। चौकी इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में शिकायत प्राप्त हो गई है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page