Hamara Hathras

Latest News

हाथरस, 27 जुलाई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में तीन माह का व्यवहारिक प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण संबंधी अभिलेखों एवं रजिस्टरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन तथा अभिलेखों के रख-रखाव की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण अवधि में रिक्रूट आरक्षियों को बीट भ्रमण, एंटी रोमियो टीम के कार्यों एवं पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर दी गई जानकारी की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने बीट क्षेत्रों के सम्मानित नागरिकों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, शिक्षकों, चौकीदारों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों से नियमित संपर्क बनाए रखें, ताकि क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि की समय पर जानकारी प्राप्त हो सके और पुलिस-जन संवाद को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने मुख्यालय स्तर पर संचालित यक्ष (YAKSH) ऐप के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिए कि बीट प्रबंधन से संबंधित समस्त सूचनाओं का समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत अंकन ऐप पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बीट क्षेत्र में रहने वाले नए अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय अपराधियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर उनकी जानकारी तत्काल यक्ष ऐप पर अपडेट की जाए। साथ ही अपराधियों की गतिविधियों, नवीन सूचनाओं एवं अन्य आवश्यक पुलिस कार्यवाहियों का नियमित रूप से अंकन किया जाए, जिससे अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यक्ष ऐप के माध्यम से उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का समुचित उपयोग कर बीट प्रणाली को अधिक सशक्त बनाया जा सकता है, जिससे अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इस अवसर पर रिक्रूट आरक्षियों को यक्ष ऐप के विभिन्न फीचर्स, डेटा एंट्री प्रक्रिया, बीट प्रबंधन, अपराधियों की प्रोफाइल अपडेट करने की प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक मॉड्यूल की विस्तारपूर्वक जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि ऐप पर दर्ज की जाने वाली प्रत्येक सूचना की शुद्धता एवं अद्यतन स्थिति का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रिक्रूट आरक्षियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों का साक्षात्कार भी लिया। साक्षात्कार के दौरान प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान, पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, विवेचना, बीट पुलिसिंग, यक्ष (YAKSH) ऐप के उपयोग, अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई तथा पुलिस व्यवहार से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर उनकी व्यवहारिक एवं तकनीकी समझ का आकलन किया। अंत में पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात धैर्यपूर्वक एवं गंभीरता से सुनी जाए, उसकी समस्या का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा जनता के प्रति सदैव सेवा, सुरक्षा और विश्वास की भावना के साथ कार्य किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page