Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 27 जुलाई। सिकंदराराऊ क्षेत्र के आलमपुर-लिहा-वाजिदपुर मार्ग के नव निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने करीब 16 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 33 करोड़ रुपये का प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर लिया है। अब इसे वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। आलमपुर, लिहा, वाजिदपुर सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों, किसानों, स्कूली विद्यार्थियों और अन्य वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि मार्ग के नव निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। वित्तीय स्वीकृति मिलते ही निर्माण एजेंसी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिसके बाद सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। सड़क के निर्माण से सिकंदराराऊ क्षेत्र के दर्जनों गांवों की जिला मुख्यालय एवं आसपास के कस्बों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page