Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 जुलाई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज अलीगढ़ रोड स्थित श्री कैला फार्म हाउस में 214 जोड़ों का सामूहिक विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। समारोह का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि बेटी के विवाह के समय गरीब परिवारों को जिन आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, उन्हें ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार यह योजना संचालित कर रही है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ तथा बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई। विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा एवं राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समरसता, महिला सम्मान और गरीब परिवारों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस समारोह में 214 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 22 मुस्लिम जोड़े भी शामिल हैं। सभी जोड़ों का विधिवत पंजीकरण कर उन्हें विवाह प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र कन्या के बैंक खाते में ₹60,000 की अनुदान राशि सीधे भेजी जाती है। इसके अलावा ₹25,000 की विवाहोपयोगी सामग्री तथा ₹15,000 विवाह आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। इस प्रकार प्रत्येक जोड़े पर कुल ₹1 लाख की सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, समाजसेवी आशीष बंसल, मुकेश हुंडी वाले सहित जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में परिजन उपस्थित रहे।

Next News :-सदर विधायक ने दिया पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता, डीएम व एसपी बोले शासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ है खड़ा

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page