Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 जुलाई। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस ने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अपने-अपने थाना क्षेत्रों में डीजे संचालकों एवं संबंधित व्यक्तियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से सभी डीजे संचालकों को अवगत कराते हुए उनका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महापर्व है, इसलिए यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियमों का उल्लंघन या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में निर्देश दिए गए कि डीजे की ऊंचाई शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहे, केवल शिवभक्ति एवं धार्मिक गीतों का ही प्रसारण किया जाए तथा अश्लील, भड़काऊ, द्विअर्थी या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीतों और नारों का प्रसारण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, डीजे वाहनों पर सुरक्षा उपकरण, प्रकाश व्यवस्था एवं रिफ्लेक्टर लगाने, वैध अभिलेखों के साथ वाहन संचालन करने तथा यातायात नियमों एवं रूट डायवर्जन का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार, नुकीली वस्तु या प्रतिबंधित सामग्री साथ लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुनते हुए सभी से प्रशासन का सहयोग करने और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं, डीजे संचालकों एवं आमजन से कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा जनपद में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page