Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 जुलाई। सावन कृपाल रूहानी मिशन शाखा द्वारा आज जनपद में सातवीं बार भव्य आध्यात्मिक चेतना यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ सदर तहसील के उप जिलाधिकारी श्री राम बहादुर सिंह एवं मिशन की शाखा के अध्यक्ष श्री निरंजन लाल अग्रवाल ने संयुक्त रूप से विश्व आध्यात्मिक सतगुरु संत राजिंदर सिंह जी महाराज के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके उपरांत शांति के प्रतीक सफेद कबूतर और गुब्बारे उड़ाकर यात्रा को रवाना किया गया।

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष श्री निरंजन लाल अग्रवाल ने उप जिलाधिकारी श्री राम बहादुर सिंह का पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। चेतना यात्रा का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाना, मानव जीवन के वास्तविक मूल्यों के प्रति लोगों को प्रेरित करना तथा समस्त मानव समाज में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा की भावना का प्रसार करना रहा। यात्रा में देश के विभिन्न शहरों एवं कस्बों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इनमें खुर्जा, बुलंदशहर, भरतपुर, आगरा, शमशाबाद, मथुरा, बसेरी चाहर, बैलाना, अलीगढ़, वीर नगर, पिछोंती, बिलखोरा, जहांगीराबाद, ताजपुर, जेवर, टप्पल, दिल्ली, दनकौर, सिकंदराबाद सहित अनेक स्थानों से हजारों की संख्या में भाई-बहन शामिल हुए।

यात्रा का मुख्य आकर्षण विश्व आध्यात्मिक सतगुरु संत राजिंदर सिंह जी महाराज का फूलों से सुसज्जित आकर्षक एवं मनमोहक डोला रहा। वहीं, कतारबद्ध चल रही मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं के हाथों में आध्यात्मिक प्रेम, शांति और मानव एकता का संदेश देती तख्तियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। आयोजकों ने बताया कि इस विशाल आध्यात्मिक चेतना यात्रा को सफल बनाने में हाथरस शाखा के साथ-साथ मिशन की विभिन्न शाखाओं की प्रबंध समितियों के सदस्यों तथा सैकड़ों समर्पित सेवादारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यात्रा के दौरान पूरे वातावरण में आध्यात्मिक उल्लास, अनुशासन और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page