Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 जुलाई। गोवर्धन के प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कासगंज और मथुरा के बीच एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 26 जुलाई से 29 जुलाई तक संचालित होगी, जिससे हाथरस, सिकंदराराऊ, कासगंज तथा आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को मेले में आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 05307 कासगंज से रात्रि 12:40 बजे प्रस्थान करेगी। यह 1:10 बजे सिकंदराराऊ, 1:39 बजे हाथरस सिटी, 2:55 बजे मथुरा कैंट पहुंचते हुए 3:30 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05308 मथुरा जंक्शन से सुबह 4:50 बजे रवाना होगी। यह 5 बजे मथुरा कैंट, 5:38 बजे हाथरस सिटी, 6:12 बजे सिकंदराराऊ होते हुए 7 बजे कासगंज पहुंचेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सरफर हुसैन ने बताया कि स्पेशल ट्रेन में 12 साधारण श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, ताकि मुड़िया पूर्णिमा मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा, रेलवे ने कासगंज से मथुरा के बीच संचालित होने वाली ट्रेन संख्या 55335/55336 के संचालन को भी चार दिनों के लिए गंगापुर सिटी तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सुबह 11:40 बजे कासगंज से रवाना होकर हाथरस सिटी एवं मथुरा जंक्शन होते हुए गंगापुर सिटी तक जाएगी। मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था 26 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी। रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा निर्धारित समय के अनुसार स्टेशन पर पहुंचने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page