हाथरस 22 जुलाई। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं हाथरस विधानसभा (सुरक्षित) 78 के भावी प्रत्याशी रामनारायण काके को मंगलवार को पुलिस ने उनके आवास पर ही रोक दिया। यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की सूचना के बाद एहतियातन की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामनारायण काके के आवास पर पुलिस बल तैनात रहा और उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और सपा नेता के बीच बातचीत भी हुई। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। रामनारायण काके ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि यह कदम केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियात के तौर पर उठाया गया।